शहर की पॉश कालोनियों में मिल्क एटीएम लगाए जाने की योजना है। लोगों को शुद्ध दूध उपलब्ध कराने के लिए कामधेनु योजना के तहत यह व्यवस्था की जाएगी। नए साल में शहर के लोगों को यह सौगात मिल सकेगी।
जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डा. बिजेंद्र त्यागी ने बताया कि नगर क्षेत्र में जिन लोगों का कामधेनु यूनिट मिली है वहीं लोग शहर में ही अपने दूध खपत की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रयोग के तौर पर पहले राजनगर, संजयनगर, पटेल नगर और कविनगर में मिल्क एटीएम लगाए जाएंगे। प्रयोग सफल हुआ तो शहर की दूसरी कालोनियों में भी यह सुविधा दी जाएगी।
डा. त्यागी ने बताया कि दूसरे चरण में मोरटा और दुहाई में स्थापित होने वाले कामधेनु यूनिट का उद्देश्य आम लोगों को दूध उपलब्ध कराना है।
ऐसे में शुरुआती दिनों में लोगों को ट्रायल के तौर तीन से सात दिन का टोकन दिया जाएगा। जिन्हें दूध की गुणवत्ता अच्छी लगेगी उनका मंथली कार्ड बना दिया जाएगा।
उपभोक्ता को एक माह पूर्व ही निश्चित दूध के लिए राशि जमा करनी होगी। मिल्क एटीएम से लोग सुबह और शाम अपना कार्ड पंच कर दूध ले सकेंगे।