हुसैन ने कहा कि, घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, 'मुझे निशाना बनाना गलत है। इससे मेरा और मेरे परिवार का कुछ लेना-देना नहीं है।'
हुसैन ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा है कि, मैंने दंगा रोकने का काम किया, मैं निर्दोष हूं। मैंने लोगों को मेरी बिल्डिंग पर चढ़ने से रोका। 24 फरवरी को पुलिस ने मेरे बिल्डिंग की तलाशी ली और हमें बाहर निकाल दिया। बाद में उन्होंने हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। 25 फरवरी शाम चार बजे तक पुलिस मेरी बिल्डिंग में थी।
ताहिर हुसैन ने बताया कि उन्होंने पुलिस से विनती की कि उनके इलाके में मौजूद रहें क्योंकि मेरी बिल्डिंग को टारगेट किया जा रहा है और वहां से कुछ गलत काम किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस मेरी बिल्डिंग में मौजूद थी। मैं पुलिस की कार्रवाई में उसके साथ हूं।
मैं आईबी कांस्टेबल अंकित शर्मा की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उसे न्याय मिलना ही चाहिए। मेरा इस वारदात से कोई लेना-देना नहीं है। इस केस की अच्छे से जांच होनी चाहिए।
कपिल मिश्रा
एक के बाद एक कई ट्वीट कर कपिल मिश्रा ने ताहिर हुसैन पर आरोप लगाया कि, 'डंके की चोट पर कह रहा हूं, अगर दंगो के दिनों की ताहिर हुसैन के फोन के कॉल डिटेल्स खुल गई तो दंगो में और अंकित शर्मा की हत्या में संजय सिंह और केजरीवाल दोनों की भूमिका सामने आ जायेगी।'
राघव चड्ढा ने कहा-
आप विधायक राघव चड्ढा ने ताहिर हुसैन पर उठ रहे सवालों को लेकर कहा है कि अगर वह दोषी हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। दोषी किसी भी पार्टी का हो वह बचना नहीं चाहिए। हमारे पास जांच एजेंसी नहीं है और न ही कोई सबूत है। हम नहीं कह सकते कि ताहिर निर्दोष हैं या गुनहगार। अगर जांच में ताहिर दोषी पाए जाएं तो उन्हें जरूर सजा हो।
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- आप कर चुकी थी दंगे की पूरी तैयारी
प्रकाश जावड़ेकर ने एक प्रेस कांफ्रेंस में आप पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने दंगे की पूरी तैयारी कर रखी थी। अगर अमानतुल्लाह खान ने जिन्ना वाली आजादी के लिए नहीं उकसाया तो क्या किया? हिंसा के माहौल में ये लोग अपना कर्तव्य भूलकर राजनीति कर रहे हैं।
गौतम गंभीर
गौतम गंभीर ने ट्वीट कर कहा, आईबी जवान अंकित शर्मा को मार कर लाश नाली में फेंक देना, घर में दंगाइयों को पनाह देना और पेट्रोल बम फेंकना! ऐसे आरोप एक प्रतिनिधि पर लग रहें है! अगर ये साबित होता है, तो ताहिर हुसैन को ना जनता माफ करेगी, ना कानून और ना भगवान। मिस्टर केजरीवाल आपकी चुप्पी हमें बेचैन कर रही है।
संजय सिंह
आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि हम पहले दिन से ही कह रहे हैं कि अगर कोई भी शख्स जो हिंसा में शामिल है, चाहे वो किसी भी पार्टी, धर्म या जाति का हो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि ताहिर हुसैन ने पहले ही अपना बयान दे दिया है कि वह सभी सबूत पुलिस को दे चुका है कि कैसे उसके घर में भीड़ घुसी और हमला किया। उसने कैसे पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। पुलिस आठ घंटे देरी से पहुंची और तब जाकर उसे और उसके परिवार को वहां से निकाला।