गाजियाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला केस सामने आया है। मॉडल टाउन ईस्ट की एक महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित महिला हाल ही में विदेश यात्रा कर लौटी थी। तीन-चार दिन बाद ही उन्हें परेशानी होने पर गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद महिला को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्राइवेट अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना भेजी है।
ईस्ट मॉडल टाउन की रहने वाली शील गुप्ता (50) इसी महीने एक अफ्रीकन कंट्री में अपनी बेटी से मिलकर लौटी थी। एयरपोर्ट पर हुई जांच में भी स्वाइन फ्लू डिटेक्ट नहीं हो पाया।
बताया जा रहा है कि विदेश से लौटने के बाद परेशानी होने पर चेकअप के लिए उन्हें कोलंबिया एशिया अस्पताल ले जाया गया। स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने पर डॉक्टरों ने उनके टेस्ट कराए। इनमें शील गुप्ता को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
पांच दिन कोलंबिया एशिया अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल महिला की हालत ठीक बताई जा रही है। स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव केस मिलने के इस मामले को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दबाए रहे।
..
परिजनों पर भी स्वास्थ्य विभाग की नजर, टेमीफ्लू दवा दी
शील गुप्ता के संपर्क में आए आठ परिजनों पर भी स्वास्थ्य विभाग की नजर है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें एहतियात के तौर पर टेमीफ्लू की दवा दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्वाइन फ्लू पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों भी यह दवा लेनी जरूरी होती है। अन्यथा वे भी संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं।