स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक गर्भवती ने जीवन रक्षक उपकरण के सहारे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। बच्चा गर्भ में पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ था, इसलिए चिकित्सकों ने स्टेरॉयड देकर बच्चे के फेफड़े को विकसित किया। अब जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
सर गंगा राम अस्पताल में 25 जनवरी को गंभीर रूप से स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक गर्भवती को भर्ती कराया गया। महिला को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी इसलिए उन्हें जीवन रक्षक उपकरण के सहारे रखा गया।
महिला के गर्भ में 29 सप्ताह का बच्चा पल रहा था, इस वजह से बच्चे की जिंदगी को भी गंभीर खतरा था। बच्चे का फेफड़ा पूरी तरह से विकसित नहीं हुआ था इसलिए वैसी स्थिति में जन्म कराना मुश्किल था। लिहाजा चिकित्सकों ने स्टेरॉयड देकर बच्चे के फेफड़े को विकसित करने की योजना बनाई।