शहर में दो और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इस बार स्वाइन फ्लू की चपेट में दो बच्चे आए हैं। इसमें एक की उम्र 9 साल और दूसरे की उम्र 7 साल है। 9 साल के बच्चे में मैक्स अस्पताल और 7 साल के बच्चे में लाल पैथ लैब ने स्वाइन फ्लू की पुष्टि की है।
सोमवार को जिला अस्पताल में बच्चे और उसके पूरे परिवार को दवाई दी गई है। इसके साथ ही बच्चे के सैंपल क्रॉस चेक के लिए गए हैं। इन सैंपलों को क्रास चेक के लिए दिल्ली स्थित एनआईसीडी को भेजा गया है। अब तक जिले में पांच स्वाइन फ्लू के मरीज आ चुके हैं। जिसमें एक मरीज की मौत हो चुकी है।
जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर एच एम लवानिया ने बताया कि सेक्टर- 120 के एक अपार्टमेंट में रहने वाले 7 वर्ष के बच्चे में लाल पैथ लैब ने स्वाइन फ्लू की पुष्टि की है। उसके माता पिता उसकी रिपोर्ट लेकर आए थे। रिपोर्ट के आधार पर दवाई दे दी गई है।
इसके साथ ही बच्चे का सैंपल जांच के लिए लिया गया है। उसको स्वास्थ्य विभाग को भेज दिए हैं। अडिशनल सीएमओ डॉक्टर राजीव प्रसाद ने बताया कि एक बच्चा मैक्स अस्पताल और दूसरा बच्चे की लाल पैथ लैब में जांच हुई थी। रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इनके सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेबल डिजीज भेज दिए गए हैं। पिछले बार कई लैब की रिपोर्ट गलती मिली थी। इसलिए एनआईसीडी भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।