स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी पिटाई हुई मैं चीखती रही, केजरीवला दूसरे कमरे में थे लेकिन वो बाहर नहीं आए। अरविंद अपने सबसे करीबी विभव को बचा रहे हैं। आज तक मेरे पास एक फोन नहीं आया।
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि घटना के दिन अरविंद केजरीवाल दूसरे कमरे में थे। मेरी पिटाई हुई मैं चीखती रही लेकिन वह बाहर नहीं आए। यही नहीं आज तक अरविंद केजरीवाल ने मुझे एक फोन भी नहीं किया।
विज्ञापन
स्वाति ने एक साक्षात्कार में कहा, 13 मई को सुबह करीब 9 बजे मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर गई। स्टाफ ने मुझे ड्राइंग रूम में बैठने के लिए कहा और बताया कि अरविंद घर पर हैं और वह मुझसे मिलने आ रहे हैं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार आक्रामक स्थिति में आए।
मैंने पूछा कि क्या हुआ केजरीवाल जी आ रहे हैं, क्या हो गया?। मेरा इतना कहना था जिसके बाद उन्होंने (बिभव कुमार) मुझे थप्पड़ मार दिया। मुझे सात से आठ थप्पड़ मारे। जब मैंने उसे धक्का देने की कोशिश की तो उसने मेरे पैर पकड़ लिए और मुझे घसीट दिया।
विज्ञापन
यह सुनिश्चित करते हुए कि मेरा सिर सेंटर टेबल से टकराया। मैं फर्श पर गिर गई और उसने (बिभव) मुझे पैरों से मारना शुरू कर दिया। मैं चिल्ला रही थी और मदद की गुहार लगा रही थी लेकिन कोई वहां नहीं आया।
मालीवाल ने कहा, यह जांच का विषय है कि मुझे क्यों पीटा गया। अरविंद केजरीवाल अपने सबसे करीबी बिभव कुमार को बचा रहे हैं। मैं इस मामले की जांच में दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग कर रही हूं। पार्टी में हर व्यक्ति को मेरा चरित्र हनन करने का निर्देश दिया गया है। मैं उचित जांच चाहती हूं। दिल्ली पुलिस को अपनी जांच स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से करनी चाहिए।
अहंकार जब सिर पर चढ़ता है...सच झूठ सही गलत दिखना बंद हो जाता है
स्वाति से जब पूछा गया कि उन्हें पहले कभी क्यों नहीं लगा कि पार्टी में कुछ लोग ताकतवर हो गए हैं, तो उन्होंने कहा, सबका इगो बहुत बड़ा हो गया है। 2006 में जब से मैं काम कर रही हूं, तब बिल्कल अलग माहौल था। तब सब में जोश था। मैं सात साल तक झुग्गियों में रही और वहां काम करती रही। लेकिन जैसे ही सत्ता आई बहुत सारी चीजें बदल गईं।
धीरे-धीरे जब अहंकार सिर पर हावी होता है, तो यह नहीं दिखता कि सच क्या है और झूठ क्या। सही और गलत भी नहीं दिखता। मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक लड़की को पहले पीटा जाएगा और फिर उसका चरित्र हनन कर उसे पूरी तरह अलग कर दिया जाएगा।
बिभव साधारण पीए नहीं, अरविंद के सबसे बड़े राजदार
स्वाति मालीवाल ने कहा, बिभव कुमार कोई साधारण पीए नहीं हैं बल्कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सबसे बड़ा राजदार हैं। बिभव कुमार पूरी पार्टी में सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली व्यक्ति हैं। उनसे सभी डरते हैं।
पार्टी में कहा जाता है, अगर बिभव नाराज हो गया आपसे तो फिर आप पार्टी में खत्म हो। मालीवाल ने कहा, मैं उन्हें 2006 से जानती हूं। सीएम ने उन्हें सबसे आलीशान घर दिया है। ऐसे घर दिल्ली के मंत्री को भी नहीं मिले हैं। पहले भी उन पर उत्पीड़न का एक मामला दर्ज हुआ था।
सीएम की चुप्पी बयां कर रही महिला सुरक्षा को लेकर उनका रुख: एलजी
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल की चुप्पी महिला सुरक्षा को लेकर उनके रुख को बयां कर रही है। यह दिखाती है कि वह महिलाओं की सुरक्षा के लिए कितने गंभीर हैं।