देश में बढ़ती रेप की घटनाओं और दलितों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में बुधवार को अलग-अलग संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंडी हाउस पर एकत्र होकर संसद मार्ग तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त कानून बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के चलते मंडी हाउस इलाके में ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। यह प्रदर्शन राजनीतिक दल वेलफेयर पार्टी की ओर से आयोजित किया गया था। वेलफेयर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. क्यू. आर. इलियास ने बताया कि दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ते अपराध के चलते एक अप्रैल से इंडिया फॉर आल इंडियंस नाम से मुहिम के साथ घटनाओं का विरोध कर रहे हैं।
इसी कड़ी में दिल्ली में आखिरी विरोध मार्च निकाला गया। उनका दावा है कि प्रदर्शन को बहुजन समाज पार्टी, पीस पार्टी, सीपीआई (एमएल), इंडियन नेशन लीग और जनता दल सेक्यूलर जैसी पार्टियों ने समर्थन दिया।