स्वाति मालिवाल से मिले केजरीवाल
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल अनशन तोड़ने के मूड में नहीं हैं। शुक्रवार को समता स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य को देखते हुए उनसे अनशन खत्म करने का कहा है, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। स्वाति ने साफ कहा कि मांगें नहीं माने जाने तक वह अनशन नहीं तोड़ेंगी।
लगातार पानी व जूस के सहारे अनशन कर रही स्वाति अब कमजोर दिखने लगी हैं। अनशन के आठवें दिन उन्होंने वित्त विभाग को नोटिस भेजा और उनसे दिल्ली पुलिस की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी।
उन्होंने लिखा है कि दिल्ली पुलिस में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए गृह मंत्रालय द्वारा अनुमोदित कई प्रस्ताव पिछले कई महीनों से वित्त मंत्रालय के पास लटके हैं।
उन्होंने सूचना मांगी कि दिल्ली पुलिस की संख्या बढ़ाने के कितने प्रस्ताव विभाग में आए, उन पर क्या एक्शन लिया गया और अभी कितने प्रस्ताव लंबित हैं।
हालांकि स्वाति ने केंद्र सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में दाखिल शपथ पत्र पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 12 साल से कम उम्र के बच्चों के बलात्कारियों को फांसी की सजा देने के लिए कानून में संशोधन करने पर विचार कर रही है। केवल अदालत में शपथ पत्र देने से कुछ नहीं होगा।
अनशन स्थल पर स्वाति को समर्थन देने शुक्रवार को आम से लेकर खास लोगों के आने का तांता लगा रहा। गायक हरभजन मान, अभिनेत्री राजश्री पोनप्पा, वरिष्ठ पत्रकार नलिनी सिंह और पूर्व राज्यसभा सदस्य अली अनवर ने अनशन स्थल पहुंच कर उनके अनशन को समर्थन दिया।
पूर्व सांसद अली अनवर ने कहा स्वाति मालीवाल एक अच्छे मुद्दे के लिए आंदोलन कर रही हैं इसलिए वह उन्हें सलाम करते हैं। हरभजन मान ने कहा कि वह जहां भी जाएंगे स्वाति का संदेश हर जगह फैलाएंगे।
एक कलाकार के रूप मे हमारा कर्तव्य है कि महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में स्वाति मालीवाल का साथ दें।-राजश्री पोनप्पा, फिल्म अभिनेत्री