केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-2017 में दिल्ली के पांचों स्थानीय निकायों की रैंकिंग बेहद ही खराब आई है। गत वर्ष की तुलना में एनडीएमसी की रैंकिंग में तीन पायदान की कमी आई। तीनों नगर निगम एवं दिल्ली छावनी बोर्ड पहले डेढ़ सौ में भी स्थान प्राप्त नहीं कर सके।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम की रैंकिंग में 236, दक्षिण दिल्ली नगर निगम की रैंकिंग में 163 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम की रैंकिंग में 144 पायदान की गिरावट आई। वर्ष 2014 एवं 2016 के स्वच्छ सर्वेक्षण में उनकी रैंकिंग 50 के आसपास थी।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-2017 के सर्वेक्षण में एनडीएमसी सातवें स्थान पर रही, जबकि वर्ष 2016 में उसे चौथा स्थान मिला था। वर्ष 2014 में इस बार की तरह उसका सातवां नंबर था। हालांकि दिल्ली और एनडीएमसी के लिए संतोषजनक यह बात है कि इस बार उसे नार्थ जोन में पहला स्थान मिला है।
उधर, इस बार तीनों नगर निगम ने दिल्ली की नाक कटवाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। इस मामले में दिल्ली छावनी बोर्ड भी उनसे पीछे नहीं रहा है। दिल्ली छावनी बोर्ड का इलाका और आबादी एनडीएमसी के बराबर है और वहां भी स्थानीय आबादी भी बहुत ही कम है।