तीन वाहनों को टक्कर मरने के बाद एसयूवी ने मारी टक्कर
- पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास एक अनियंत्रित एसयूवी कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति बुरी तरह घायल हो गए। बुजुर्ग दंपती को टक्कर मारने से पहले आरोपी कार चालक ने तीन गाड़ियों को टक्कर मारी थी। ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर को आरोपी एसयूवी चालक तपन को गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि रविवार को ग्रेटर कैलाश-1 थाने को सड़क हादसे के संबंध में सूचना मिली। आरोपी चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद पैदल जा रहे एक बुजुर्ग दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दंपती को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 71 वर्षीय शशि को मृत घोषित कर दिया। शशि के पति कुलभूषण (65) हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें बाद में बयान दर्ज कराने के लिए फिट घोषित कर दिया गया। घटना में एक कार, दो ऑटो रिक्शा और एक साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। बुजुर्ग कुलभूषण पीएनबी बैंक से रिटायर्ड हुए थे। पुलिस उपायुक्त मित्तल ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर को आरोपी चालक तपन अहीर (59) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी एक व्यक्ति के यहां चालक के तौर पर काम करता था और घटना के वक्त कैलाश कॉलोनी मार्केट से किसी को लेने जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह घटना के वक्त शराब के नशे में था या नहीं। घटना के समय वह अपने भाई को लेने जा रहा था। वह एसयूवी मालिक के यहां 1997 से नौकरी कर रहा है।