दिल्ली की सड़कों पर एक एसयूवी चालक अपनी गाड़ी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे दौड़ा रहा है। इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब उस नंबर प्लेट की कार के मालिक के पास यातायात पुलिस का चालान पहुंचने लगा। गाड़ी मालिक का आरोप है कि पिछले ढ़ाई साल में उनके पास चार चालान आ चुके हैं। उसके बाद उन्होंने नारायणा थाने में इस बाबत शिकायत की है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शिकायत के बाद मामले की छानबीन की जा रही है।
पीड़ित स्विफ्ट कार मालिक की पहचान पीयूष मित्तल (71) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ नारायणा इलाके में रहते हैं। वह सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी से उप निदेशक के पद से सेवानिवृत हुए हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके पास एक स्विफ्ट डिजायर कार है। उन्होंने बताया कि वह अपनी कार का कम ही इस्तेमाल करते हैं। लेकिन पिछले चार साल में उनके पास यातायात पुलिस से तेज रफ्तार से वाहन चलाने के चार चालान आ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पास 25 अप्रैल 2021 को पहला चालान आया। दूसरा चालान 14 सितंबर 2021 को आया। वहीं तीसरा चालान 18 फरवरी 2023 को आया। लगातार आ रहे चालान से परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत नारायणा थाना पुलिस से की। पीड़ित ने बताया कि उनके पास चौथा चालान पांच सितंबर को पहुंचा। उन्होंने इसकी कॉपी पुलिस को सौंप दी। पुलिस अधिकारी का कहना है कि चालान वाली जगह के सीसीटीवी कैमरे की जांच में पता चला है कि एसयूवी चालक अपने वाहन पर पीड़ित की कार का नंबर लगाकर घूम रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।