अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंडोली जेल में बंद एक कैदी की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आजादपुर के लालबाग निवासी 40 वर्षीय मलकीत सिंह के रूप में हुई है। उसे बेहोशी की हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उत्तर-पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि हर्ष विहार थाना पुलिस को अस्पताल से कैदी की मौत की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि मलकीत अपनी बैरक में अचेत अवस्था में मिला था, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मलकीत सिंह को वर्ष 2021 में स्पेशल सेल ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज था। वह न्यायिक हिरासत में मंडोली जेल में बंद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, जेल प्रशासन ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।