सूरजकुंड में चल रहे स्वर्ण जयंती 31वें अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में बृहस्पतिवार की देरशाम सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी कलाकारों ने समां बांधा। हरियाणवी पॉप गायक गजेंद्र फोगाट ने एंडी हरियाणा की अपनी प्रस्तुती से देश-विदेश से मेले में पहुंचे दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही मेले की बड़ी और छोटी चौपाल पर विदेशी कलाकार भी हिंदी गानों की धुनों पर जमकर थिरके।
मेले की सांस्कृतिक नाइट में हरियाणा के पॉप गायक गजेंद्र फोगाट ने हरियाणा की संस्कृति से जुड़े एक के बाद कई गीत प्रस्तुत किए। गाने के माध्यम से उन्होंने हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बताने की कोशिश की।
अगली प्रस्तुति में उन्होंने शहीद भगत सिंह पर एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्तिमय करने की कोशिश की। इस बीच में उन्होंने चुटकुलों के माध्यम से भी दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कई विदेशी कलाकारों ने भी हिंदी गानों पर थिरककर माहौल को और बेहतरीन बना दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव आरआर जोवल, पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी, डीसी समीर पाल सरो, एसीपी आस्था मोदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।