आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली में चुनाव कराने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि इस मामले पर अगली सुनवाई दस अक्टूबर को होगी।
कोर्ट ने एक बार फिर सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार बनाने के मामले पर जल्द से जल्द फैसला लिया जाना चाहिए। ऐसा न होने की स्थिती में राज्य में विधायकों की खरीद-फरोख्त की संभावना बढ़ेगी।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की याचिका ने दिल्ली में चुनाव कराने की मांग की गई थी। जिसपर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से चार हफ्ते के भीतर जवाब मांगा था।
आज कोर्ट में पेश दलील में सरकार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार बनाने के संबंध में उप-राज्यपाल ने अपनी सिफारिश राष्ट्रपति को भेज दी। राष्ट्रपति ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
सुनवाई के दौरान आम आदमी पार्टी ने अपने स्टिंग ऑपरेशन को भी कोर्ट में रखने की कोशिश की। कोर्ट ने उनके इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।