दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर कड़े करते हुए रिकॉर्ड तोड़ दिया। गुरुवार को आसमान से बरसी आग से तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 42.1 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 28 डिग्री दर्ज हुआ। इस तरह से दिन के साथ-साथ रात की गर्मी भी बढ़ी।
मौसम विभाग के पालम केंद्र पर सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि आयानगर में पारा 42.9 व जाफरपुर में 42.8 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही सूरज से आग बरसानी शुरू कर दी। इससे सुबह 10 बजे से ही तेज गर्मी का अहसास होने लगा। दोपहर आते-आते गर्मी ने अपने तेवर काफी कड़े कर लिए।
हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चार बजे के बाद आसमान में धूल का गुबार दिखाई दिया। कुछ देर बाद तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इस कारण से भी तापमान में कोई खास गिरावट नहीं हुई।
मौसम विभाग ने बीते सप्ताह ही तापमान मेें लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई थी। मौसम विभाग ने फिलहाल गर्मी से राहत के संकेत नहीं दिए हैं। आने वाले दिनों में भी गर्मी इसी तरह से परेशान करेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना जताई है। 27 व 28 अप्रैल को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलेंगी। 29 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ विकसित होने की संभावना है। इस कारण से एक मई को आंशिक रूप से बादल छाएंगे।
बीते कई साल में सबसे गर्म दिन
2018 42.0 डिग्री (27 अप्रैल)
2017 43.2 डिग्री (21 अप्रैल)
2016 42.0 डिग्री (17 अप्रैल)
2015 40.6 डिग्री (20 अप्रैल)
2014 41.0 डिग्री (30 अप्रैल)
2013 40.2 डिग्री (17 अप्रैल)
2012 38.7 डिग्री (04 अप्रैल)
2011 40.8 डिग्री (30 अप्रैल)