'Vote Chandni Chowk' App launch
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को ‘वोट चांदनी चौक’ ऐप लांच किया। इसे दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी के चार इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स ने 55 दिनों में तैयार किया है। ऐप से लोगों को हर आधे घंट में अपडेट मिलेगा कि नजदीकी मतदान केंद्र पर कितनी लंबी कतार है।
चांदनी चौक क्षेत्र की रिटर्निंग ऑफिसर तन्वी गर्ग ने कहा कि युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए ऐप लांच किया गया है। इसे तकनीक की मदद से तैयार किया गया है, ताकि मतदाताओं को इसका अधिक लाभ मिले। ऐप से मतदाताओं की संख्या, उम्मीदवारों का ब्योरा, मतदान केंद्रों की भी जानकारी मिलेगी।
दिव्यांग मतदाताओं को कैब लेने कब पहुंचेगी सहित कई अन्य जानकारी भी जान पाएंगे। निदेशक आईटी वीएन शुक्ला ने ऐप तैयार करने के लिए छात्रों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐप की सफलता के बाद इसे दूसरे संसदीय क्षेत्र में भी लांच किया जाएगा। इस मौके पर डीटीयू के प्रोफेसर कपिल शर्मा जिलाधिकारी पूर्व के महेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
80 हजार हिट्स का प्रावधान
ऐप पर फिलहाल 80 हजार हिट्स का प्रावधान किया गया है। मतदाताओं की जरूरत के मुताबिक इसमें कई और बदलाव भी किए जाएंगे। मतदान के परिणाम, वोटिंग प्रतिशत सहित चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र से संबंधित कई सुविधाएं मुहैया की जाएंगी।