नोएडा एक्सप्रेसवे कोतवाली क्षेत्र स्थित जेपी कॉसमॉस सोसायटी में रहने वाली एक युवती जन्मदिन पर मनपसंद केक नहीं आने पर 10वीं मंजिल से कूद गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती स्नातक करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि जेपी कॉसमॉस सोसायटी के टावर नंबर 28 के फ्लैट संख्या 1605 में टेंट कारोबारी पुरुषोत्तम गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं।
उनकी बड़ी बेटी ज्योति भी इसी सोसायटी के टावर नंबर 20 के फ्लैट संख्या 1001 में रहती है। उनकी छोटी बेटी प्रियंका गुप्ता (23) का मंगलवार को जन्मदिन था। बड़ी बहन ज्योति के कहने पर सभी लोग उसके फ्लैट पर ही जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। बड़ी बहन ने ही केक मंगाया था।
दोपहर करीब दो बजे जब केक काटने के लिए प्रियंका को बुलाया गया। उसे केक पसंद नहीं आया। मनपसंद केक नहीं आने पर उसकी परिजनों से कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रियंका नाराज होकर 10वीं मंजिल स्थित बड़ी बहन के फ्लैट से कूद गई।
गंभीर हालत में परिजनों ने उसे जेपी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी योगेश मलिक का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है।