पूर्वी दिल्ली। गणेश चतुर्थी से पहले पूर्वी दिल्ली के मिष्ठान्न बाजारों में मोदक की मांग बढ़ गई है। इस साल शुगर-फ्री और खजूर से बने मोदक ग्राहकों की पहली पसंद बन गए हैं। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार मोदक खरीद रहे हैं।
दिल्ली दरबार, बीकानेरी भाजीवाला और शगुन स्वीट्स जैसे प्रमुख दुकानों पर मोदक की बिक्री तेज है। पारंपरिक मोदक के साथ-साथ सेहतमंद विकल्पों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। फिटनेस और आहार के प्रति जागरूक ग्राहकों के लिए दुकानदारों ने शुगर-फ्री, खजूर और ड्राई फ्रूट्स से तैयार मोदक पेश किए हैं। भजनपुरा स्थित दिल्ली दरबार के संचालक ने बताया कि लोग अब स्वाद के साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रख रहे हैं। इसी मांग को देखते हुए खजूर, मेवों और शुगर-फ्री विकल्पों की खास तैयारी की है। बीकानेर भाजीवाला के प्रबंधन ने कहा कि सेहतमंद जीवनशैली अपनाने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने के कारण पारंपरिक मिठाइयों को आधुनिक व सेहतमंद रूप में ढाला गया है।
मोदक की शुरुआती कीमत करीब 500 रुपये प्रति किलो है। ड्राई फ्रूट्स, काजू, चॉकलेट और शुगर-फ्री मोदक के दाम पारंपरिक मोदक से अधिक हैं। दुकानों पर चावल, मल्टीग्रेन, काजू, खजूर, ड्राई फ्रूट्स और चॉकलेट आधार वाले मोदक उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से किस्म चुन सकते हैं। संवाद