-उम्मीदवारों की अंतिम सूची 11 सितंबर को अंतिम सूची, 18 को मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के नामांकन का आज अंतिम दिन है। शाम छह बजे प्रारंभिक सूची जारी होगी। नामांकन के अंतिम दिन को देखते हुए कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वाहनों की आवाजाही पर दो दिन तक रोक लगा दी है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची 11 सितंबर को शाम पांच बजे जारी होगी, जबकि मतदान 18 सितंबर को होगा।
उम्मीदवार दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्र के साथ 500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट और शपथपत्र देना अनिवार्य है। नामांकन पत्र जमा करने के लिए नॉर्थ कैंपस स्थित कॉन्फ्रेंस सेंटर में चुनाव कार्यालय बनाया गया है। केंद्रीय परिषद सदस्य के लिए नामांकन संबंधित कॉलेज और विभागों में जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों का सत्यापन दोपहर सवा तीन बजे से होगा। प्रारंभिक सूची शाम छह बजे जारी होगी। उम्मीदवार 11 सितंबर दोपहर 12 बजे तक अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। मतगणना 19 सितंबर को होगी।
नामांकन प्रक्रिया के चलते कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। नामांकन के लिए आने वाले उम्मीदवारों के साथ गाड़ियों के काफिले पर रोक रहेगी। पोस्टरबाजी, पर्चे उड़ाने और ढोल बजाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दिल्ली विश्वविद्यालय कार्रवाई करेगा। निगरानी के लिए विशेष टीमें भी तैनात की जाएंगी।
इन मार्गों पर वाहनों का आवागमन रहेगा बंद
नामांकन प्रक्रिया के कारण डीयू के नॉर्थ कैंपस के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। दस और 11 सितंबर को छात्र मार्ग, प्रोबिन रोड, विश्वविद्यालय रोड और जीसी नारंग मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा। गेट नंबर चार भी इन दो दिनों के लिए बंद रहेगा। विश्वविद्यालय ने संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों से अपने वाहनों को गेट नंबर एक के अंदर अधिकृत स्टिकर के साथ पार्क करने का अनुरोध किया है।