शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में आज सुब्रमण्यम स्वामी ने दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है।
स्वामी ने अपनी जनहित याचिका में सुनंदा पुष्कर की मौत की जांच अदालत की निगरानी में करवाने की गुहार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस से इस मामले की दोबारा जांच की मांग भी की है।
इससे पहले रिपब्लिक टीवी ने भी खोला था सुनंदा पुष्कर मौत मामले में एक राज
अंग्रेजी टीवी चैनल रिपब्लिक ने सोमवार को एक ऑडियो टेप प्रसारित किया जिसमें एक महिला पत्रकार और सुनंदा पुष्कर की बातचीत कैद थी। इस बातचीत में सुनंदा का हेल्पर नरेन भी शामिल था। पत्रकार ने दावा किया है कि उसने सुनंदा पुष्कर से फोन पर बात की और वो उनके हेल्पर नरेन सुनंदा की मौत से कुछ घंटों पहले तक संपर्क में थीं।
इस ऑडियो टेप में ये भी दावा किया गया है कि सुनंदा उस महिला पत्रकार से मिलना चाहती थीं, लेकिन वो नहीं मिल सकीं। चैनल के मुताबिक उस ऑडियो टेप से संबंधित डिटेल दिल्ली पुलिस को दे दी गई है।
चैनल ने दावा किया है कि उसके पास सुनंदा की मौत से जुड़े 19 ऑडियो क्लिप्स मौजूद हैं, जिनको कभी भी सार्वजनिक नहीं किया गया। इन ऑडियो क्लिप के दम पर चैनल का कहना है कि सुनंदा की हत्या के बाद शशि थरूर उनके कमरे में आए थे। जिसके बाद सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई थी। चैनल का दावा है कि सुनंदा की बॉडी को भी उन्होंने हटाया था।