बिजली सप्लाई शुरू नहीं करने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने सब स्टेशन ऑपरेटर को गोली मार दी। गांव धूममानिकपुर स्थित बिजली सबस्टेशन पर तैनात एसएसओ सतबीर तोमर को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया।
जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सतबीर की छाती और पेट में तीन गोलियां मारी गई थीं।
घटना उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दादरी इलाके में बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित धूममानिकपुर बिजली सबस्टेशन पर शुक्रवार को एसएसओ सतबीर तोमर निवासी गांव लाखन गालंद तैनात था।
देर शाम करीब 7:30 बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उस समय एसएसओ सतबीर तोमर के साथ दो तीन बिजली कर्मचारी भी थे। बताया जाता है कि युवक ने शुक्रवार शाम को बिजली सप्लाई काटे जाने पर नाराजगी जताई और उसे जल्द शुरू करने को कहा।