मॉडल टाउन इलाके में कॉल पर गए एक सब इंस्पेक्टर को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। सब इंस्पेक्टर का मोबाइल छीन लिया और भागने की कोशिश करने पर बीच सड़क पर उस पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। पुलिसकर्मी को पीटता देख लोगों ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर मारपीट की आरोपी दो महिलाओ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है।
पीड़ित सब इंस्पेक्टर राजकुमार(59) मॉडल टाउन थाने में तैनात है। दो दिन पहले किसी ने पुलिस को कॉल कर बताया कि कुछ लोगों ने गुजरांवाला टाउन स्थित उसके घर पर कब्जा कर लिया है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर राजकुमार वहां पहुंचा। राजकुमार के दरवाजा खटखटाने पर युवक ने दरवाजा खोला और सब इंस्पेक्टर को भीतर खींच लिया। युवक ने उससे यहां आने का कारण पूछा। राजकुमार ने बताया कि वह कॉल पर आया है। आरोपी ने कहा कि यह प्रॉपर्टी उसकी है।
फिर राजकुमार को खींचते हुए एक कमरे में ले गया। जहां पहले से दो महिला और एक युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने राजकुमार पर लात घूसों से हमला कर दिया। उसकी वर्दी फाड़ दी। राजकुमार ने थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसपर लाठी डंडे से हमला कर दिया। राजकुमार बाहर की तरफ भागा। बीच सड़क पर दोनों युवक सब इंस्पेक्टर पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। यह देखकर आस पास के लोग आगे आए और पुलिसकर्मी को हमलावर के चंगुल से बचाया।
लोगों ने हमलावर की पिटाई कर दी। इसी बीच पुलिस टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ने दोनों युवकों व महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। सब इंस्पेक्टर का मेडिकल करवाने के बाद उसके बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान रोहिणी निवासी अंकित शुक्ला, जसप्रीत कौर, समयपुर बादली निवासी पंकज त्यागी और चंदर विहार निवासी केसरी शुक्ला के तौर पर हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।