यूपीएससी परीक्षा में हिंदी समेत क्षेत्रीय भाषाओं की अनदेखी व सी-सैट हटाने की मांग लेकर छात्रों का आंदोलन बृहस्पतिवार रात उग्र हो गया।
यूपीएससी से मिले आश्वासन के अनुसार परीक्षा की तिथि न टलने व वेबसाइट पर एडमिट कार्ड अपलोड होने की जानकारी मिलने पर मुखर्जी नगर में धरने पर बैठे सैकड़ों छात्र आउटर रिंग रोड पर गोपालपुर लालबत्ती पर पहुंच गए और रास्ता जाम कर दिया।
छात्रों ने यहां वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए एक पुलिस जिप्सी, हिमाचल रोडवेज की बस व एक बाइक में आग लगा दी।
एक दर्जन छात्र हिरासत में लिए गए
पुलिस को आंदोलनकारी छात्रों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। छात्रों को नियंत्रण में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एण्ड ऑर्डर) दीपक मिश्रा ने बताया कि करीब एक दर्जन से ज्यादा छात्रों को हिरासत में ले लिया गया था। मौके पर भारी पुलिस बल को बुला लिया गया था। छात्रों के हुड़दंग में कई घायल होने की खबर है।
यूपीएससी परीक्षा में क्षेत्रीय भाषाओं को तरजीह देने व सी-सैट पेपर हटाने की मांग को लेकर 27 जून से छात्र दिल्ली में आंदोलनरत हैं। इस कड़ी में पीएमओ ने छात्रों को बुलाकर उनकी समस्या के समाधान का आश्वसन देते हुए यूपीएससी से परीक्षा की तिथि टालने को कहा था।
छात्रों ने पुलिस पर किया पथराव
इस आश्वासन के बाद भी छात्रों ने मुखर्जी नगर में अपना धरना मांग पूरी होने तक जारी रखा हुआ था। बृहस्पतिवार शाम को छात्रों के बीच 24 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड अपलोड होने की सूचना आई तो वह भड़क गए।
इसके बाद छात्र तिमारपुर की गोपालपुर लालबत्ती और गुरू तेग बहादुर नगर की सड़क पर आ गए। छात्रों ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया था और परीक्षा को रद्द करने की मांग करने लगे।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जाम को खुलवाने की कोशिश की। मगर छात्र अचानक उग्र हो गए। छात्रों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही और छात्र मौके पर आ गए और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारी छात्रों ने हरियाणा रोडवेज बस के शीशे तोड़ दिए और बस में आग लगाने की कोशिश की। छात्रों ने बाइक और पुलिस की जिप्सी में आग लगा दी।
शुरू में पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग किया, लेकिन जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया और आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर भारी पुलिस बल को बुलाना पड़ा।
देर रात मौके पर भारी बल पहुंच गया था। इसके बाद छात्र देर रात वजीराबाद रोड से मुखर्जी नगर पहुंच गए। छात्र परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर नारेबाजी व हंगामा कर रहे थे।
वजीराबाद रोड पर लगा जाम
उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्रों का उत्पात करीब दो घंटे से ज्यादा चला। इस कारण वजीराबाद रोड, सिविल लाईंस, गोपालपुर, मुखर्जी नगर, बाहरी रिंग रोड आईएसबीटी आदि जगहों पर कई घंटे जाम रहा।
हुड़दंग को देखते हुए सिविल लाईंस से वजीराबाद और आउटर रिंग रोड की तरफ जाने वाला ट्रैफिक रोक दिया गया था।
इस कारण रिंग रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। जाम आईएसबीटी तक पहुंच गया था। छात्रों के हुड़दंग के चलते दिल्ली से हरियाणा, पंजाब व हिमाचल जाने वाली बसों पर असर पड़ा।