वीएमएलजी डिग्री कॉलेज में दो छात्रसंघ चुनाव प्रत्याशियों के नामांकन रद्द करने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। नामांकन रद्द होने से गुस्साईं छात्राओं ने सुबह 8.30 बजे कॉलेज गेट पर ताला जड़ दिया।
कॉलेज प्राचार्या डा. कुसुम त्यागी के जवाब से संतुष्ट न होने और नामांकन रद्द करने का फैसला वापस लेने पर अड़ी छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए जीटी रोड जाम कर दी।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं को समझाया और जाम खुलवाया। इस मामले में सिहानी गेट एसएचओ अशोक सिसौदिया की ओर से 150 अज्ञात छात्राओं के एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विभा कुमारी और उपाध्यक्ष प्रत्याशी खुशबू यादव के नामांकन को रद्द करने के चलते यह हंगामा हुआ। दोनों प्रत्याशियों ने कॉलेज प्रशासन को बताया कि स्पोर्ट्स कोटे से होने और बीच में खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के चलते उनकी उपस्थिति शॉर्ट रही है।
ऐसे में उनका नामांकन रद्द नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ने उनकी बात नहीं मानी। इससे गुस्साई छात्राओं ने करीब 45 मिनट तक जीटी जाम कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं को हटाने की कोशिश की तो छात्राएं जीटी रोड पर लेट गईं। सिटी मजिस्ट्रेट कपिल सिंह और सीओ सेकेंड रणविजय सिंह के साथ सिहानी और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारियों के समझाने के बाद छात्राएं जीटी रोड से हटीं। इसके बाद कॉलेज पहुंची छात्राओं ने परिसर में रखे गमले तोड़ डाले। सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और प्राचार्या के आश्वासन के बाद छात्राओं का गुस्सा शांत हुआ।
कॉलेज की पूर्व महामंत्री और निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष कंचन भाटी ने कहा कि नामांकन रद्द का फैसला वापस लेने तक कॉलेज खुलने नहीं दिया जाएगा।
कॉलेज ने विवि के पाले में फेंकी गेंद
वीएमएलजी डिग्री कॉलेज में नामांकन फार्म रद्द करने के मामले में कॉलेज प्रशासन ने गेंद विवि के पाले में फेंक दी है। कॉलेज प्राचार्या डा. कुसुम त्यागी ने बताया कि छात्राओं की मांग और नामांकन फार्म रद्द करने की वजह का एक पत्र विवि को भेज दिया गया है। अब विवि इस बाबत जो निर्णय करेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।
कई संगठनों के छात्र नेताओं ने एमएमएच में उतारा निर्दलीय पैनल
एमएमएच डिग्री कॉलेज में टिकट वितरण को लेकर नाराज विभिन्न संगठनों के छात्र नेताओं ने मंगलवार को अपना निर्दलीय पैनल उतारा।
समाजवादी छात्रसभा के पूर्व जिलाध्यक्ष व छात्रनेता पुष्पेंद्र चौधरी, एबीवीपी छात्रनेता उत्कर्ष सिंह, राष्ट्रीय लोकदल कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक त्यागी ने पैनल की घोषणा की।
पैनल में अध्यक्ष पद पर जसवीर नागर, उपाध्यक्ष पद पर अंकित शर्मा, महामंत्री पर सचिन विधूड़ी, कोषाध्यक्ष पर पवन कुमार जाटव और सहसचिव पर दीपक कुमार शामिल हैं।
टी-पार्टी कर मांगेंगे छात्रों का समर्थन
एमएमएच में विभिन्न दलों की ओर से उतारे गए निर्दलीय पैनल के प्रत्याशियों ने टी-पार्टी कर छात्र-छात्राओं से समर्थन हासिल करने की बात कही। अध्यक्ष पद प्रत्याशी जसवीर नागर ने कहा कि छात्र-छात्राओं के समर्थन केलिए विजयनगर, अर्थला सहित विभिन्न गांवों में टी-पार्टी का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष प्रत्याशी को मिली जान से मारने धमकी, सुरक्षा की मांग
एमएमएच डिग्री कॉलेज में भारतीय क्रांतिकारी समिति पैनल के अध्यक्ष पद उम्मीदवार सुनील कुमार को चुनाव से हटने या फिर जान से मारने की धमकी का फोन आया। समिति अध्यक्ष संजय गांधी सहित पैनल के सभी प्रत्याशियों ने एसएसपी धमेंद्र सिंह से लिखित में शिकायत कर सुरक्षा की मांग की।
एसएसपी ने उन्हें सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। वहीं कॉलेज प्राचार्य डा. आरएम जोहरी से अध्यक्ष और महामंत्री प्रत्याशी पायल वर्मा को धमकाए जाने की लिखित शिकायत कर पुलिस से सुरक्षा दिलवाने की मांग की।
अध्यक्ष प्रत्याशियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी, हंगामा
एसडी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में भी अध्यक्ष प्रत्याशियों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। एबीवीपी पैनल से अध्यक्ष पद प्रत्याशी सोनू नागर ने दूसरे प्रत्याशी मोहम्मद खालिद और उसके समर्थकों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया।
इस बाबत छात्रों ने कॉलेज गेट पर हंगामा भी किया। दूसरी ओर अध्यक्ष प्रत्याशी मोहम्मद खालिद ने सोनू नागर के नामांकन पर ही सवाल उठाए।
खालिद ने कहा कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का सोनू नागर ने उल्लंघन किया है। सोनू की पहले बैक आई है।