कॉलेजों के नए सत्र में विद्यार्थियों को बंक मारकर मौज मस्ती करना महंगा पड़ेगा। विद्यार्थी पढ़ाई और कक्षा की हाजिरी को लेकर सचेत रहना होगा। बंक मारने की सूरत में विद्यार्थियों को प्रत्येक पीरियड के हिसाब से जुर्माना देना होगा।
अगर कोई छात्र जुर्माना देकर बंक मारने की सोचता है तो ऐसा भी नहीं है। लगातार छह दिन या महीने में 14 दिन गैर-हाजिर होने पर कॉलेज से नाम काट दिया जाएगा।
दरअसल, कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) लगातार कोशिश कर रहा है। छात्रों में कॉलेज पहुंचकर कक्षा में अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति देखी जाती है।
इसे रोकने के लिए जुर्माने का प्रावधान किया गया है। एक या एक से अधिक पीरियड में अनुपस्थित रहने पर पांच रुपये प्रति पीरियड जुर्माना देना होगा। यह हर महीने वसूला जाएगा।