करहेड़ा स्थित दयावती स्कूल की 11वीं की छात्रा ने सहपाठियों को मजाक में दरबान कहा तो शिक्षक ने मंगलवार को उसे स्टाफ रूम में बंद कर छेड़छाड़ की और पीटा भी।
छात्रा ने परिजनों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने बुधवार सुबह स्कूल और साहिबाबाद थाने में हंगामा किया।
पुलिस ने शिक्षक और प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी शिक्षक भागा हुआ है।
मोहन नगर के राजीव कालोनी निवासी निजी कंपनीकर्मी की बेटी करहेड़ा के दयावती चौहान सीनियर सेकेंडरी स्कूल की 11वीं की छात्रा है।
शनिवार को किसी छात्र ने अंग्रेजी टीचर आदिल पर एक आपत्तिजनक कमेंट लिखते हुए पर्ची को ब्लैकबोर्ड पर चिपका दिया था।
अपने बारे में गलत बात पढ़कर आदिल भड़क उठा और उसने दो छात्रों को यह पता लगाने का जिम्मा सौंपा कि किसने उसके खिलाफ कमेंट किया है।
मंगलवार सुबह दोनों छात्र कक्षा में छात्रों से पूछताछ कर रहे थे, तभी पीड़ित छात्रा ने दोनों के साथ मजाक करते हुए उन्हें दरबान कह दिया, जिसके बाद आदिल आया और छात्रा को स्टाफ रूम में ले गया।
आरोप है कि खाली स्टाफ रूम में छात्रा को बंद कर उसने छेड़छाड़ की और उसके साथ मारपीट भी की। साथ ही उसे धमकाया भी कि परिजनों को इसके बारे में बताया तो फेल कर देगा। परेशान छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को मामले की शिकायत की।
एसओ साहिबाबाद हरिदयाल यादव ने बताया कि आरोपी आदिल और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है।
प्रधानाचार्य ने भी किया मामले को दबाने का प्रयास
छात्रा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने स्कूल से घर जाने का प्रयास किया, मगर प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे समझाया कि परिजनों को इसके बारे में न बताए।
शिक्षकों ने छात्रा को पानी पिलाया और काफी देर काउंसलिंग के बाद कक्षा में छोड़ा। आरोप है कि जब आदिल ने उसे कमरे में बंद किया तो वह चिल्ला रही थी, मगर किसी शिक्षक ने उसे नहीं बचाया।
महिला आयोग में स्कूल के खिलाफ होगी शिकायत
राज्य महिला आयोग की सदस्या राजदेवी चौधरी ने बताया कि छात्रा के साथ हुई घटना बेहद निराशाजनक है। इसके लिए शिक्षक के साथ प्रबंधन भी जिम्मेदार है। वह मामले को राज्य महिला आयोग में उठाएंगी।
आरोप बेबुनियाद-प्रबंधक
स्कूल प्रबंधक विजय ने बताया कि छात्रा स्टाफ रूम में बंद करने का आरोप बेबुनियाद है। छात्रा को स्टूडेंट्स के सामने ही एक थप्पड़ मारा था। अन्य आरोप गलत हैं।
टीएचए में स्कूल में छात्राओं के साथ हुए मामले
27 जुलाई 15-हिंडन एयरबेस स्थित एक स्कूल में छात्रा को साथी छात्रों ने पिलाई शराब
07 जुलाई 14-छात्रा की अश्लील क्लिपिंग बनाने वाला कोचिंग सेंटर संचालक गिरफ्तार
06 छह नवंबर12-इंदिरापुरम के स्कूल में साढ़े तीन साल की छात्रा से केयरटेकर ने की छेड़छाड़
07 सितंबर 12-वसुंधरा स्थित डीपीएसजी में नर्सरी की छात्रा से बस ड्राइवर-कंडक्टर ने किया रेप