नई दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक सरकारी स्कूल में एक शिष्य ने गुरु शिक्षक रिश्ते को दागदार कर दिया। पूर्वी दिल्ली स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में मंगलवार को एक छात्र ने महिला अध्यापक को शौचालय में बंद कर दिया।
छात्र ने शिक्षिका के सामने शारीरिक संबंध बनाने की हां करने पर ही दरवाजा खोलने की शर्त रखी। हालांकि शिक्षिका के शोर मचाने पर छात्र भाग गया और स्कूल के सफाई कर्मचारी ने शिक्षिका को बाहर निकाला। शिक्षिका ने शिक्षा विभाग व पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छेड़छाड़ और बंधक बनाने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शिक्षिका स्कूल में प्रथम पाली में पढ़ाती हैं। पाली की समाप्ति के बाद जब वह शौचालय गई तो दूसरी पाली के एक छात्र ने शौचालय का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
महिला की उम्र सुनकर होगी हैरानी
जब छात्र से दरवाजा खोलने के लिए कहा गया तो उसने शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रखी। इससे शिक्षिका डर गई और शौचालय से चिल्लाने लगी। सफाई कर्मचारी ने शिक्षिका को बाहर निकाला।
हैरानी की बात यह है कि महिला शिक्षक की उम्र 45 साल से ऊपर है, जबकि छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ता है। घटना के बाद दोनों पालियों के प्रधानाचार्यों को मामले की जांच के लिए बोला गया है।
बुधवार को शिक्षा निदेशालय के आला अधिकारी भी स्कूल पहुंचे। हालांकि आज कुछ बच्चों के अनुपस्थित रहने के कारण बच्चे की पहचान नहीं हो सकी। सरकारी स्कूल शिक्षक संघ के महासचिव अजय वीर यादव ने बताया कि मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को दे गई है, साथ ही पुलिस में महिला शिक्षक ने शिकायत की है।
उन्होंने कहा कि सितंबर में नांगलोई के एक स्कूल में एक छात्र ने शिक्षक की हत्या कर दी थी, तब से आज तक शिक्षकों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। शिक्षक संघ ने इस मामले पर बृहस्पतिवार को एक सभा बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। संघ ने बुुधवार को शिक्षा निदेशक से भी मुलाकात करने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई।