-अमन विहार इलाके की घटना, प्रिसिंपल ने छात्र को किया पुलिस के हवाले
-छात्र से मिला पिस्टल और 10 कारतूस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमन विहार इलाके में स्थित एक नामी पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र विवाद के बाद सहपाठी को धमकाने के लिए भरी पिस्टल लेकर स्कूल पहुंच गया। एक शिक्षक ने दूसरी मंजिल के शौचालय में हथियार छिपाने के दौरान उसे पकड़ लिया और उसे प्रिंसिपल के पास भेजा। प्रिंसिपल की शिकायत पर स्कूल पहुंची पुलिस ने छात्र को बालिग होने की वजह से गिरफ्तार कर लिया। छात्र की पहचान 18 साल के राजकुमार के रूप में हुई है। छात्र के पिता पेशे से ठेकेदार हैं।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि 19 जनवरी को अमन विहार को सूचना मिली कि जाने माने पब्लिक स्कूल के अंदर एक छात्र पिस्टल लेकर घूम रहा है। मामले की गंभीरता और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्कूल के प्रिंसिपल ने 18 साल के एक छात्र राज कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और दस कारतूस मिले। अमन विहार थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।