राजकीय पालीटेक्निक में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। छात्रों
का आरोप है कि इंटीरियर डिजाइनिंग की परीक्षा के दौरान एक छात्र के पानी पीने के लिए बाहर जाने की अनुमति मांगने पर शिक्षिका ने उसे तमाचा जड़ दिया।
छात्रों ने विरोध किया तो अन्य शिक्षक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप मे पांच छात्रों
पर मामला दर्ज किया। सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किये जाने के बाद छात्रों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
शिक्षकों का आरोप है कि छात्रों ने बदतमीजी की थी। दूसरी ओर छात्रों ने एक शिक्षक पर पुरानी नाराजगी निकालने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि उक्त शिक्षक स्कॉलरशिप के नाम पर उनसे पैसों की मांग करते थे। इस मामले में पालीटेक्निक के प्रिंसिपल एनके माथुर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।