अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद रविवार को दिल्ली पुलिस ने ईद मिलाद उन नबी के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाए जाने वाले ईद मिलाद उन नबी के मौके पर देशभर में शांति जुलूस निकाले जाते हैं।
जुलूसों के दौरान शरारती तत्व कोई गड़बड़ न कर दे, इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शनिवार शाम को खुद दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने दिल्ली पुलिस के कई अधिकारियों के साथ पुरानी दिल्ली व अन्य इलाकों में पैदल मार्च किया।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त प्रवक्ता अनिल मित्तल ने बताया कि शनिवार को अयोध्या मामले पर फैसले के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। शुक्रवार रात से ही सभी जिलों के डीसीपी को अपने-अपने इलाकों में गश्त करने के लिए कहा गया था। लोकल पुलिस के अलावा शनिवर को अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 26 कंपनियां तैनात की गई थीं।
मिली-जुली आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए थे। इसके अलावा मंदिर, मस्जिद और तमाम पूजा स्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। पीसीआर, ईआरवी, रफ्तार बाइकों को ज्यादा से ज्यादा पेट्रोलिंग के लिए कहा गया था।
ड्रोन से भी संवेदनशील इलाकों में नजर रखी गई। सोशल मीडिया पर भी पुलिस ने नजर रखी। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से आगे भी शांति बनाए रखने की अपील की है। रविवार को भी राजधानी में सुरक्षा के इंतजाम ऐसे ही रहेंगे।