तावड़ू। क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस इन गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। यह बात सदर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की तस्करी करता है या अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
निरीक्षक ने कहा कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर भी पुलिस गंभीर है। अवैध खनन करने वालों और इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद