सोहना। दिवाली पर्व पर सोहना नगरपरिषद क्षेत्र रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग होगा। परिषद ने मुख्य सड़कों और बाजारों को रोशन करने का कार्य शुरू कर दिया है। यह पहली बार है जब नगरपरिषद दिवाली पर क्षेत्र को इस तरह सजा रही है।
इस कार्य के लिए 15 कर्मचारी दिन-रात जुटे हुए हैं। नगरपरिषद के कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि परिषद क्षेत्र को रोशनी से जगमग करने के लिए करीब 10 किलोमीटर लंबी रंगीन लड़ियां लगाई जा रही हैं। यह कार्य बुधवार तक पूरा होने की संभावना है।
परिषद क्षेत्र के गुरुग्राम-अलवर मार्ग 248 ए को रंगबिरंगी लाइटों से जगमग किया जाएगा। पलवल-रेवाड़ी मार्ग 919 भी रोशन होगा। चुंगी नंबर एक से फव्वारा चौक तक करीब तीन किलोमीटर का क्षेत्र भी रोशन किया जाएगा। नगरपरिषद एरिया, गर्म खेल और बस स्टैंड मार्ग पर भी लाइटें लगाई जाएंगी। दमदमा रोड, बालूदा रोड, अस्पताल रोड और ज़ख़ोपुर रोड जैसी मुख्य सड़कों पर भी लड़ियां लगाई जा रही हैं।