यह घटना इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल दो के पास बनी पार्किंग बे में हुई। रविवार शाम करीब 4.40 बजे तेज हवाओं ने ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट को विमानों से टकरा दिया। इस टक्कर से एयर इंडिया के तीन खड़े विमानों को भारी नुकसान पहुंचा। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के समय पार्किंग बे में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल दो पर अचानक चली तेज हवाओं के कारण यह हादसा हुआ। इन क्षतिग्रस्त विमानों को तत्काल संचालन से हटा दिया गया है। इससे एयर इंडिया के उड़ान संचालन पर असर पड़ सकता है। एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
दिल्ली एयरपोर्ट पर हादसे का वीडियो
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में रनवे पर तेज हवा और बारिश हो रही है। तभी अचानक तेज हवा की वजह से ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अनियंत्रित होकर दौड़ने लगता है। जिसके पीछे एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ उसके पीछे दौड़ लगा रहे हैं।
घटना की होगी जांच
रिपोर्ट्स के अनुसार, खराब मौसम से किसी अन्य ऑपरेटर का एक विमान भी प्रभावित हुआ है। हालांकि, इसकी विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। प्रभावित तीन विमानों में से दो के जल्द परिचालन में लौटने की संभावना है। तीसरे विमान की मरम्मत में अधिक समय लग सकता है। एयर इंडिया ने इस घटना पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब विमानन संचालन पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली थी। कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी का असर देखा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 11 और 12 जून को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे परिवहन सेवाओं पर असर पड़ सकता है।