बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में स्टेशन मास्टर भारत सिंह की मौत हो गई। दिल्ली के मंडावली इलाके में रहने वाले भारत सिंह शनिवार को किसी काम से ग्रेटर नोएडा आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से एएचडब्ल्यूओ से होंडा चौक की ओर जा रहे थे।
वह नाले के पास पहुंचे तो कार पर से उनका नियंत्रण खो गया, जिससे कार गहरे नाले में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार सहित भारत सिंह को गहरे नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनकर उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे सुरक्षा उपायों की कमी के चलते यह हादसा हुआ। अगर उस जगह पर ग्रिल या रेलिंग होती तो शायद कार सवार की जान बच सकती थी।। एसीपी अवनीश दीक्षित का कहना है स्टेशन मास्टर के पास से मिले आई कार्ड से मृतक की पहचान हुई थी। इसके बाद उनके परिजन को सूचित किया गया था। इस बात की जांच की जा रही है स्टेशन मास्टर की तैनाती वर्तमान में कहा थी।