इस्राइल के सहयोग से हरियाणा में स्टार्टअप को गति देने की तैयारी चल रही है। इसकी शुरुआत स्टार्ट तेल अवीव के इंडिया फाइनल के साथ हो गया। इसके अलावा इस्राइल स्मार्ट सिटी, कृषि, बागवानी, जल प्रबंधन और शिक्षा के क्षेत्र में भी इस्राइल हरियाणा को सहयोग करेगा। इसके लिए वर्किंग ग्रुप बनाने की तैयारी की जा रही है। जिसका नोडल ऑफीसर गुडग़ांव के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय प्रताप सिंह को बनाया गया है।
इसी सिलसिले में शुक्रवार को एडीसी ने इस्राइल के राजदूत डेनियल कारमोन से मुलाकात की। इनके बीच सहयोग की दिशा में आगे बढने को लेकर बातचीत हुई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए काफी प्रयास कर रही है।
इस्राइल इस मामले में काफी आगे है। तेल अवीव में काफी स्टार्टअप हैं इसकी कारण इस्राइल को स्टार्टअप वाला देश कहा जाने लगा है। इस दिशा में उसका सहयोग काफी बेहतर होगा। प्रदेश के युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं नौकरी देने वाले के रूप में तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। गुडग़ांव में स्टार्टअप वेयर हाउस तकरीबन तैयार कर लिया गया है। जो जल्द ही शुरू हो जाएगा। फिलहाल यह अभी शुरूआत है। प्रदेश सरकार का प्रयास इससे कहीं काफी और आगे जाना है। इसमें इस्राइल बड़ा सहयोगी बन सकता है।
जल प्रबंधन में इस्राइल का काफी नाम है। प्रदेश सरकार इस दिशा में भी सहयोग के लिए कदम बढ़ा रही है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी को लेकर आगे बढने की बात चल रही है। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में भी इस्राइल का कद दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में भी हरियाणा सरकार के साथ वह सहयोग करेगा। स्टार्ट तेल अवीव के समारोह के अंत तक एडीसी मौजूद रहे। उन्होंने कहा इससे नवउद्यमियों को आगे आने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने फाइनल की विजेताओं को बधाई भी दिया।