लावारिस कुत्ते की देखभाल की तो क्या गलत किया? यह बात सोमवार को सूरजपुर कार्यालय में एसएसपी धर्मेंद्र सिंह से नार्वे मूल की महिला और उसकी बेटी ने पूछी। महिला ने रोते हुए बताया कि उसे व बेटी को सोसाइटी का दबंग और उसके पहचान के पीजी में रहने वाले छात्र प्रताड़ित कर रहे हैं।
अभद्र भाषा बोलने पर भी उन लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। पीड़ित ने इससे पहले भी कासना थाने में शिकायत दी है लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई। उसकी शिकायत पर एसएसपी ने कासना थाने को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नार्वे की रहने वाली मारिया फ्रेडरिक और उनकी बेटी मैग्डलेना एनएसजी सोसायटी में कुछ समय से रह रही हैं। वह नार्वे से पेंशनर हैं और एनएसजी सोसायटी समेत कई अन्य जगह लावारिस कुत्तों को खाना खिलाती हैं।