जहांगीरपुरी इलाके की घटना, पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी इलाके में रविवार तड़के मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक जतिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक पर केस दर्ज कर पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे पुलिस को हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक बुलेट क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिली। घायल युवक को पहले ही कैट्स एंबुलेंस से बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी 37 साल के जतिन के रूप में हुई है। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए। जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर चालक की तलाश कर रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से अज्ञात वाहन की जानकारी हासिल कर रही है।