दिवाली के मौके पर शहर के मुख्य चौराहे परी चौक पर वाहनों और यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई। इससे परी चौक पर दिन में कई बार यातायात बाधित हुआ। हालांकि, पुलिसकर्मी वाहनों को आगे बढ़ाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास करने में जुटे रहे, लेकिन शहर के मुख्य बाजार जगत फार्म में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक से खरीदार काफी खुश नजर आए और उन्होंने पुलिस की प्रशंसा भी की।
एक खरीदार का बीटा-2 थाना पुलिस का इस व्यवस्था के लिए आभार प्रकट करते हुए वीडियो एसएसपी ने ट्वीट भी किया। इसके अलावा क्षेत्र के सभी बाजारों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में चाक चौबंद करने में जुटी रही।
एसएसपी वैभव कृष्ण के निर्देश पर जिले भर में दिवाली के मौके पर थाना पुलिस व रिजर्व पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटा रहा। पुलिस ने बाजार व मुख्य मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था व बाजारों में जाम आदि से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद रही।
परी चौक पर शहर से बाहर जाने व नोएडा दिल्ली व अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहन गुजरते हैं। दिवाली के मौके पर लोग परिवार समेत अपने घर जाने के लिए निकल पड़े थे।
ऑपरेशन क्लीन-20 में 78 वाहन किए जब्त
शुक्रवार शाम छह बजे से लेकर रात 12 बजे तक एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन क्लीन-20 चलाया गया। इसके अंतर्गत जिले भर के 135 स्थानों पर पेट्रोलिंग की गई। अभियान में 77 बाइक व एक कार जब्त की गई। वहीं, 138 दोपहिया व दस चार पहिया वाहनों के चालान किए गए।