गया और पटना की ट्रेनों की अवधि बढ़ी, दिल्ली-दानापुर विशेष ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दीपावली और छठ पर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से गया और पटना के बीच चल रही विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ा दी है। इसके अलावा नई दिल्ली-दानापुर विशेष ट्रेन के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, दिल्ली जंक्शन-गया-दिल्ली जंक्शन आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04064/04063) का संचालन अब 30 नवंबर तक किया जाएगा। दिल्ली से गया के बीच ट्रेन 26 अक्तूबर से 30 नवंबर तक 31 फेरे लगाएगी। वहीं, गया से दिल्ली के लिए यह ट्रेन 27 अक्तूबर से एक दिसंबर तक 31 फेरे लगाएगी। दिल्ली से गया के बीच ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। वापसी में गया से दिल्ली के लिए ट्रेन रविवार को छोड़कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी।
नई दिल्ली-पटना जंक्शन-नई दिल्ली आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04088/04087) की अवधि भी बढ़ाई गई है। नई दिल्ली से पटना के बीच यह ट्रेन 26 अक्तूबर से 30 नवंबर तक 36 फेरे लगाएगी। पटना से नई दिल्ली के लिए ट्रेन 27 अक्तूबर से एक दिसंबर तक 36 फेरे लगाएगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन रोजाना संचालित होगी।
दिल्ली-दानापुर ट्रेन के अब सप्ताह में दो फेरे
नई दिल्ली-दानापुर-नई दिल्ली आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन (04090/04089) अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। पहले नई दिल्ली से दानापुर के लिए ट्रेन केवल शुक्रवार को चलती थी। सात अक्तूबर से यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं, दानापुर से नई दिल्ली के लिए ट्रेन गुरुवार और रविवार को संचालित होगी।
-रेलवे ने इस ट्रेन के अतिरिक्त फेरे भी घोषित किए हैं। नई दिल्ली से दानापुर के लिए अक्तूबर में 7, 14, 21 और 28 तथा नवंबर में 4, 11, 18, 25 और 27 तारीख को अतिरिक्त फेरे होंगे। दानापुर से नई दिल्ली के लिए अक्तूबर में 8, 15, 22 और 29 तथा नवंबर में 5, 12, 19, 26 और 28 तारीख को अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।