- 18 से 24 अक्तूबर तक चार फेरों में शुरू होगी सेवा, भीड़ नियंत्रण और सुविधा के लिए रेलवे की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। त्योहार के मौके पर उत्तर रेलवे की ओर से नई दिल्ली से मुजफ्फरपुर जंक्शन के बीच विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए रेलवे का प्रयास है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04058/04057 नई दिल्ली–मुजफ्फरपुर-नई दिल्ली त्योहारी विशेष एक्सप्रेस 18 से 24 अक्तूबर तक चार यात्राओं के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 9:00 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में मुजफ्फरपुर से शाम 4:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 1:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसमें एसी कोचों की व्यवस्था की गई है। ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, देवरिया सदर और मुजफ्फरपुर जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। वापसी यात्रा में सिवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर जंक्शन पर भी ट्रेन रुकेगी।
खड़की से हजरत निजामुद्दीन के बीच विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ी
रेलवे ने खड़की–हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट विशेष ट्रेन की अवधि में विस्तार किया है।ट्रेन संख्या 01427/01428 खड़की–हजरत निजामुद्दीन–खड़की सुपरफास्ट विशेष अब अतिरिक्त तिथियों पर भी चलेगी। ट्रेन संख्या 01427 (खड़की से हजरत निजामुद्दीन) 26, 30 अक्तूबर, और 2 नवंबर को रवाना होगी। जबकि ट्रेन संख्या 01428 (हजरत निजामुद्दीन से खड़की) 27 , 31 अक्तूबर और 3 नवंबर को चलेगी। रेलवे ने बढ़ती मांग को देखते हुए यात्रियों को सीट सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम टिकट बुकिंग कराने की सलाह दी है।