दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आली मेव, पलवल निवासी मुन्नू खान (30) के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो आरोपी वाहन चोरी, मवेशी चोरी, लोगों पर गोली चलाने और पुलिस टीम पर हमला करने के 50 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। न्यू अशोक नगर और ओखला औद्योगिक क्षेत्र के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस आयुक्त ने मुन्नू की गिरफ्तारी पर 50-50 हजार (कुल एक लाख) का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक ईको कार और एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि 21 मार्च को स्पेशल सेल की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी मुन्नू खान द्वारका बामनौली क्रॉसिंग के पास अपने किसी से मिलने आने वाला है। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर संजीव कुमार की टीम ने पुलिस ने एक ईको वैन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही आरोपी वैन को छोड़कर जंगलों में भागने लगा। करीब 300 मीटर पीछा करने के बाद आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग का भी प्रयास किया। आरोपी के पास से बरामद ईको वैन चोरी की निकली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि दिल्ली अपने कुछ साथियों से मिलने आया था।