नगर निगम कार्यालय में स्थित नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) में प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान के लिए वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हे टैक्स भरने में कोई परेशानी न हो।
यह व्यवस्था जोन-1 व जोन-2 के निवासियों के लिए नागरिक अस्पताल के सामने स्थित नगर निगम कार्यालय में की गई है। वित्त वर्ष 2015-16 तक के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान 31 मार्च तक किया जा सकेगा।
निर्धारित तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, नगर निगम कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान करने के लिए प्रतिदिन काफी लोग पहुंच रहे हैं। इनमें कई वरिष्ठ नागरिक भी शामिल होते हैं, जिनकी सुविधा के लिए अलग से विशेष व्यवस्था का प्रावधान है। लेकिन अभी तक अलग से उनके लिए नगर निगम कार्यालय में कोई व्यवस्था नहीं थी।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त-1 विवेक कालिया की मानें तो अगर किसी नागरिक को प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान करने या अन्य किसी सेवा से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी पेश आती है, तो वे स्वयं उनसे मिलकर या वाट्सएप नंबर 9136331934 पर शिकायत कर सकते हैं।
इसके साथ ही अगर कोई कर्मचारी किसी नागरिक से ठीक व्यवहार नहीं करता या संतुष्टिपूर्ण सेवाएं मुहैया नहीं करवाता है तो उसके बारे में भी वाट्सएप के माध्यम से शिकायत की जा सकती है।
मिलने वाली शिकायत पर निगम की ओर से तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। कालिया ने नगर निगम कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से भी कहा है कि उनके पास अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों का पूरा सहयोग करें और उन्हें संतुष्टिपूर्ण सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।