दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पांच साल के शासन में दिल्ली वालों को जो भी दे रहे हैं, वह दें। भाजपा उसका 5 गुना ज्यादा फरवरी में सरकार आने के बाद दिल्ली वालों को देगी, लेकिन आम आदमी पार्टी सीधे तौर पर यह बताए कि दिल्ली की जनता को पांच साल में क्या दिया, इसका कुल फायदा कितने परिवारों को हुआ।
आप संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम से पांच गुना ज्यादा सब्सिडी देंगे, मतलब? 200 यूनिट की बजाय 1000 यूनिट बिजली फ्री देंगे? ऐसे वादाें से आप जनता का मजाक बना रहे हैं। दिल्ली चुनाव से पहले किसी भी एक भाजपा शासित राज्य में लागू करवाकर तो दिखाइए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 600 यूनिट तक बिजली मुफ्त होगी। वृद्धावस्था पेंशन 5,000 रुपये की जाएगी। साथ ही लाडली योजना के तहत घर में लड़की पैदा होने पर एकमुश्त रकम दी जाएगी। इसके अलावा हर परिवार की आय 12,000 रुपये सुनिश्चित की जाएगी।