गाजियाबाद में चुनावी मौसम आया तो विकास कार्यों का श्रेय लेने का भी दौर शुरू हो गया। अब भाजपाइयों ने सपा पार्षद बाला यादव के वार्ड-3 में पार्षद कोटे के कार्यों का श्रेय देने के लिए जगह-जगह होर्डिंग लगा दिए।
पार्षद कोटे से स्वीकृत कार्यों को इन होर्डिंग में महापौर के कार्यकाल में हुए दर्शाकर भाजपा ने जनता के बीच क्रेडिट लेने का प्रयास किया है। इस होर्डिंग में सपा के एक नामित पार्षद का भी नाम लिखवा दिया गया है।
सोमवार को सपाइयों को इसकी जानकारी मिली तो वे इसके विरोध में उतर आए। स्थानीय पार्षद बाला यादव ने भाजपा नेताओं पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया तो नामित पार्षद नूर मोहम्मद ने उन पर मानहानि का केस करने की चेतावनी दी है।
होर्डिंग लगाने वाले भाजपा नेता अतुल गर्ग ने नामित पार्षद का नाम लिखे जाने को ‘चूक’ बताते हुए खेद जताया, लेकिन सपा पार्षदों का कहना है कि उनकी ‘चूक’ से पब्लिक में उनका क्रेडिट चला गया और अब मनोनीत पार्षद के कॅरियर पर बन आई है।
आपने ‘चूक’ कह दी..हमारा क्रेडिट गया
वार्ड-3 में लगाए गए होर्डिंग में भाजपा नेता अतुल गर्ग और अजय राजपूत ने करीब 70 लाख के सड़क, नाली निर्माण के कार्यों का जिक्र किया है।
होर्डिंग में सबसे ऊपर लिखा गया है कि ‘स्व. पूर्व महापौर तेलूराम कांबोज को जनता की ओर से भावभीनी श्रद्धाजंलि,’ इसी में दर्शाया गया है कि ये कार्य पूर्व महापौर द्वारा कराए गए हैं।
नीचे लिखा गया है कि ‘मोदी सरकार योजना सहायता केंद्र’ इसके नीचे भाजपा के सीनियर नेता अतुल गर्ग का फोटो छापा गया है। भाजपा नेता अजय राजपूत का नाम और सपा के मनोनीत पार्षद नूर मोहम्मद का नाम भी दिया गया है।
विकास कार्यों पर लड़ाई, भाजपा के विरोध में उतरे सपाई
मैंने बाला यादव के वार्ड में दो विकास कार्य अपने कोटे से स्वीकृत कराए हैं। अभी ये काम शुरू नहीं हुए हैं, लेकिन भाजपाइयों ने मेरा नाम भी होर्डिंग में लिखवा दिया और इनका क्रेडिट खुद ले रहे हैं। बिना अनुमति मेरा नाम भाजपा के होर्डिंग पर लिखवाने के मामले में संबंधित नेताओं पर एफआईआर कराऊंगा। - नूर मोहम्मद, मनोनीत पार्षद
होर्डिंग विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए नहीं, दिवंगत पूर्व महापौर को उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के लिए श्रद्धांजलि देने के लिए लगाए गए हैं। मनोनीत पार्षद का नाम गलती से छप गया है, तो इसके लिए मैं खेद जाहिर करता हूं। अगर मानहानि का केस दर्ज कराना चाहते हैं तो वह इसके लिए भी स्वतंत्र हैं। - अतुल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता
ये विकास कार्य मैंने अपने वार्ड कोटे से कराए हैं। भाजपा नेता घटिया राजनीति कर होर्डिंग लगाकर इनका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती है। इसका विरोध करेंगे। दोबारा होर्डिंग लगाए तो पुलिस से शिकायत करेंगे। - बाला यादव, पार्षद वार्ड-3