पेट्रोलियम एसोसिएशन ने दो टूक शब्दों में कहा कि वाहन चालक हेलमेट पहन कर आए या नहीं, वह पेट्रोल पंप पर आने वाले हर कस्टमर को तेल देंगे।
पंप पर पहले पुलिस सुरक्षा दी जाए उसके बाद ही डीएम के आदेशों का पालन किया जाएगा। हालांकि पंपकर्मी वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक अवश्य करेंगे।
बृहस्पतिवार को पेट्रोलियम एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बात सुनने के बाद डीएम विमल कुमार शर्मा ने पेट्रोल पंपों पर पुलिस की गश्त बढ़ाने का भरोसा दिया।
इस पर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सुरक्षा उपलब्ध नहीं होगी, तब तक वह जान जोखिम में डालने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन जबरदस्ती पेट्रोल पंप पर सख्ती करके यह आदेश लागू नहीं करवा सकता है।
पदाधिकारियों का कहना था कि परिवहन आयुक्त को चाहिए कि वह दुपहिया वाहनों की बिक्री के समय ही हेलमेट खरीदना अनिवार्य कर दें। जो हेलमेट न लगाएं उनके चालान और मोटे जुर्माने की कार्रवाई करें।
पेट्रोलियम एसोसिएशन पदाधिकारी जयवीर सिंह और ब्रजमोहन सिंघल ने डीएम से मांग की कि लोनी की घटना में घायल सेल्स मैन को मुआवजा दिया जाए। डीएम ने घायल को मुआवजे का भी आश्वासन भी दिया है।
बैठक में 40 से ज्यादा पेट्रोल पंप डीलरों के अलावा एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक, आईओसी के एरिया मैनेजर विनोद पंचपाल आदि थे।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि बैंकों की तर्ज पर प्रत्येक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी रजिस्टर रखे जाएं। एरिया की लेपर्ड और पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों प्रतिदिन अपने हस्ताक्षर करने होंगे।
जल्द ही अत्याधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना होने जा रही है, जिससे प्रमुख स्थानों पर नजर रखने में सहायक होगी। हेलमेट लगाने संबंधी फ्लेक्स भी लगवाएं।