फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली, खूबसूरत और ऐश की जिंदगी जीने वाली इस लड़की को देख कोई नहीं कह सकता कि ये देह व्यापार का धंधा चलाती है। इसका नाम है सोनू पंजाबन और दिल्ली की एक अदालत ने इसे देह व्यापार का धंधा चलाने के लिए दोषी करार दिया है।
अदालत ने इसे एक किशोरी को देह व्यापार के धंधे में ढकेलने के लिए दोषी करार दिया है। यह पहली बार नहीं है जब वह जेल जाएगी लेकिन पहली बार उसे दोषी करार दिया है। कई बार पुलिस प्रशासन को चकमा दे चुकी है।
सोनू पंजाबन के बारे में कहा जाता है कि इसने जिससे शादी की, उसका हुआ एनकाउंटर
कहा जाता है कि कभी कॉलेज में पढ़ाई करने वाली गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन ने हत्या में नाम जुड़ने के बाद एक नामी गैंगस्टर विजय से प्रेम विवाह किया था। विजय के बारे में कहा जाता है कि वह यूपी के श्रीप्रकाश शुक्ल का करीबी था। 1999 में इसका एनकाउंटर हो गया।
जानकारी के अनुसार सोनू ने कुल चार शादियां कीं लेकिन हर बार उसके पति का एनकाउंटर हो गया। विजय के बाद उसने नजफगढ़ के दीपक से 2003 में शादी की। उसकी मौत के बाद सोनू ने दीपक के भाई हेमंत से शादी की। उससे शादी करके ही गीता से वह सोनू बन गई। 2006 में वह भी मारा गया। फिर वह अशोक बंटी नाम के एक शख्स से मिली जिसने उसे देह व्यापार के धंधे से वाकिफ कराया। दिल्ली में अशोक बंटी के मारे जाने के बाद सोनू ने खुद देह व्यापार के धंधे में पांव जमाने शुरू किए और देखते ही देखते इस धंधे की रानी बन गई।