गुड़गांव नगर निगम के डिप्टी मेयर परमिंदर कटारिया का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया है। बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले कटारिया का 17 वर्षीय अमित घर से ट्यूशन के लिए निकला था लेकिन वहां पहुंचा ही नहीं।
इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है हालांकि डिप्टी मेयर ने बेटे के अपहरण की आशंका से इनकार किया है लेकिन पुलिस उस कोण से भी जांच कर रही है।
परमिंदर कटारिया ने बताया 15 अक्तूबर को सुबह 11 बजे वह घर से सेक्टर पांच में ट्यूशन के लिए निकला। देर शाम तक जब बेटा वापिस नहीं लौटा तो उन्होंने ट्यूशन में पता किया तो उनके होश उड़ गए।
ट्यूशन टीचर ने बताया कि अमित तो आज ट्यूशन पढ़ने आया ही नहीं। इसके बाद कटारिया और उसके परिवार के लोग लगातार अमित की तलाश कर रहे है। जिसमें उसके दोस्तों, रिश्तेदारों से भी पता कर लिया गया है।
पांच दिन बाद भी अमित के गायब होने का राज नहीं खुलने पर बीती शाम परमिंदर कटारिया ने सेक्टर पांच थाना पुलिस में शिकायत दी जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अमित के गायब होने को लेकर कटारिया ने अपहरण की आशंका को नकार दिया है। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन अमूमन अपने पास मोबाइल रखने वाला अमित मोबाइल को घर ही छोड़ गया था।
ऐसे में पुलिस उस आधार पर भी जांच पड़ताल कर रही है। सेक्टर पांच थाना प्रभारी के अनुसार अमित के स्कूल में भी पूछताछ की जा रही है। उसके क्लास मेट के अलावा ट्यूशन टीचर से भी बातचीत की गई है।
पुलिस के मुताबिक जांच काफी तेज गति से आगे बढ़ाई जा रही है। अमित के संबंध में पुलिस जल्द ही कोई सुराग लगा लेगी।