मेवात के पंचायत चुनाव में राजनेताओं के परिजनों को मिली करारी हार से इलाके के लोग मखौल उड़ा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मंत्री और विधायकों को पंचायत चुनाव में आना ही नहीं चाहिए था।
पंचायत चुनावों में पूर्व मंत्री आजाद मोहम्मद का बेटा, पुन्हाना से विधायक रहीश खान का भतीजा, आरएएसएस के नेता और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रदेश संयोजक का पुत्र और मेवात भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष के समर्पित उम्मीदवार अपने-अपने चुनाव हार गए हैं।
वहीं पूर्व मंत्री मोहम्मद इलयास अपने बेटे को निर्विरोध सरपंच बनाकर दबदबा कायम किया है। उधर विधायक रहीश खान भी पुत्रवधु को निर्विरोध जिला पार्षद बना चुके हैं।
मेवात के पंचायत निकाय चुनावों में पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद ने अपने पैत्रिक गांव नीमखेडा से अपने बेटे वसीम आजाद को सरपंच पद का चुनाव लड़ाया लेकिन वसीम अपने दादा पूर्व मंत्री स्व. अजमत खां, पिता और पुन्हाना से विधायक चाचा रहीश खान की विरासत को बचा नहीं पाए। 17 जनवरी को देर शाम आए नतीजों ने उनके अरमानों पर जनता ने पानी फेर दिया।