खिड़की एक्सटेशन पर छापेमारी के दौरान युगांडा की महिलाओं से कथित बदसलूकी के मामले में पहले से ही खूब फजीहत झेल चुके दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता सोमनाथ भारती एक और विवाद में फंस गए हैं।
इस बार उन्होंने एक बिल्डिंग से अवैध कब्जा हटाने गए बुल्डोजर को पहले पीएम आवास पर बुल्डोजर चलाने की बात कह दी है।
यहीं नहीं उन्होंने अपने कई समर्थकों के साथ पहुंच कर अवैध कब्जे वाली बिल्डिंग को गिराने से भी रोक दिया।
आप कार्यकर्ताओं ने की निगम कार्यकारी अभियंता से मारपीट
आप कार्यकर्ताओं पर सोमवार को दक्षिण दिल्ली में डिप्टी कमिश्नर (डीसी) ऑफिस के निकट दक्षिण दिल्ली नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार से मारपीट करने का आरोप लगा है। वे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के साथ अवैध कब्जे वाली बिल्डिंग को एमसीडी द्वारा गिराए जाने का विरोध करने पहुंचे थे।
कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि मारपीट करने वालों ने आप की टोपी लगा रखी थी। पुलिस के मुताबिक, अशोक कुमार के मुताबिक, हमलावर दक्षिण दिल्ली के हौज खास स्थित एक मकान को गिराने का विरोध कर रहे थे।
इस वारदात के कुछ मिनट बाद ही सोमनाथ भारती के समर्थकों के साथ इस अभियान का विरोध करने के लिए पहुंच गए। उनका कहना है कि हमलावर आप कार्यकर्ता नहीं थे। बाद में सोमनाथ भारती समर्थकों संग साउथ डीसी से मिले और कहा कि तोड़फोड़ अभियान हमेशा आम लोगों के खिलाफ चलाया जाता है और ऊंचे व पहुंच वाले लोगों को बख्श दिया जाता है।
बढ़ सकती हैं सोमनाथ भारती की मुश्किलें
उधर, युगांडा की महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग से आरोपों की कॉपी और संबंधित व्यक्तियों पर आयोग की अब तक की कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली महिला आयोग को दो दिन पहले भेजे गए पत्र में आयोग ने पांचों महिलाओं द्वारा अलग-अलग दर्ज कराई गई शिकायतों की कॉपी मांगी है। उम्मीद है कि डीसीडब्ल्यू इस मामले से संबंधित सभी दस्तावेज 26 फरवरी तक आयोग को भेज सकता है।
इसके साथ ही बताया गया कि इस मसले से जुड़े अन्य विभागों से भी रिपोर्ट इकट्ठा की जा रही हैं। कहा जा रहा है कि युगांडा में रह रहे लाखों भारतीयों की भविष्य में सुरक्षा के मद्देनजर आयोग मामले में गहराई से छानबीन कर सकता है।
अब क्या करेगी आप?
पूर्व कानून मंत्री का लगातार बचाव करती आ रही आम आदम पार्टी इस बार भी उनका बचाब करते दिख रही है। लेकिन अभी पीएम आवास पर बुल्डोजर चलाने वाले बयान पर पार्टी ने कुछ नहीं कहा है।
हालांकि आम आदमी पार्टी का कहना है कि निगम कार्यकारी अभियंता से मारपीट में कोई आप कार्यकर्ता शामिल नहीं था।
सोमनाथ भारती पहले भी आम आदमी पार्टी की काफी फजीहत करा चुके हैं। पार्टी उनके लिए सड़क पर भी उतर चुकी है। जिसमें सीएम के अनशन पर बैठने से आप की काफी फजीहत हुई थी।