उत्तर प्रदेश में आज आयोजित टीईटी की परीक्षा ने व्यवस्था की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी है। लगभग हर जगह से मुन्ना भाई पकड़े गए हैं। मुरादाबाद, प्रयागराज , वाराणसी और चित्रकूट के साथ ही प्रदेश भर में जिन जगहों पर भी परीक्षा हुई वहां से सॉल्वर गिरोह के लोगों के अलावा किसी की जगह परीक्षा देने के मामले में कई लोगों की धरपकड़ की खबर है।
प्रयागराज में रविवार को आयोजित टीईटी परीक्षा में सरायइनायत इलाके के किसान इंटर कालेज सरपतीपुर, परीक्षा केंद्र से ओएमआर की कार्बन कॉपी की प्रति लेकर कई परीक्षार्थी भाग गए। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में दूसरे की जगह परीक्षा देते मुन्ना भाई पकड़े गए हैं।
खबर है कि क्राइम ब्रान्च जनपद प्रयागराज की टीम ने यूपी टीईटी 2018 की परीक्षा में सेंध लगाने वाले तीन छात्र व तीन छात्राओं को प्रयागराज में व एक छात्रा को भदोही में गिरफ्तार किया है। इनके पास से 60 हजार रुपये नकद, पांच इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (स्पाई माइक), सात बैटरी, चार मोबाइल, हस्त लिखित उत्तर कुंजी और अंक पत्र आदि बरामद किये हैं।
मुरादाबाद में भी टेट एक्जाम के दौरान सॉल्वर गिरोह के छह लोगों के पकड़े जाने की सूचना है। जानकारी के अनुसार सचिन पुत्र डालचन्द्र, जितेन्द्र कुमार सैनी पुत्र रामसिंह सैनी, विपिन कुमार पुत्र अतर सिंह, सौरभ अस्थाना पुत्र गोपाल, मिथिलेश पुत्र दामोदर, और सिप्पू उर्फ सिरदारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चित्रकूट से भी एक शख्स की गिरफ्तारी की गई है जो किसी दूसरे की जगह परीक्षा देने गया था। जानकारी के अनुसार जिले के 11 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया था जिसमें भरवारी के नेशनल इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान एक अभ्यार्थी पकड़ा गया जो दूसरे का पेपर दे रहा था।
शिव अवतार ने अनिरुद्ध सिंह को टीईटी परीक्षा में बैठने के लिए 60 हजार रुपए में सौदा किया था। अनिरुद्ध ने शिव अवतार के नाम से आधार कार्ड पहचान पत्र व टीईटी के प्रवेश पत्र में अपनी फोटो दे दी थी। गुप्तचर विभाग को इसकी सूचना मिली और इस तरह से मुन्ना भाई पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला है से कई और लोग भी इस गोरखधंधे में लिप्त हैं। पुलिस पूरे गैंग की तलाश में जुटी है।